खेलो इंडिया युवा खेलों की तर्ज पर हर वर्ष खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी खेल आयोजित होंगे
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी खेलों का पहला संस्करण कटक और भुवनेश्वर, ओडिशा में 22 फरवरी से 1 मार्च तक होगामन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने खेलो इंडिया के सफल समापन के लिए असम सरकार, वहां की जनता और खेलों में भाग लेने वालों को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया खेलों में विभिन्न राज्यों से करीब 6000 खिलाडि़यों ने भाग लिया। 80 रिकॉर्ड तोड़े गए और इन 80 रिकॉर्डों में से 56 रिकॉर्ड हमारी बेटियों ने तोड़े। उन्होंने कहा कि 2018 में जब खेलो इंडिया खेलों की शुरुआत की गई थी 3500 खिलाडि़यों ने इसमें भाग लिया था, लेकिन सिर्फ 3 वर्षों में खिलाडि़यों की संख्या बढ़कर 6000 से अधिक हो गई है।
प्रधानमंत्री ने आज मन की बात कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों और उनके माता-पिता की प्रेरणादायक कहानियां साझा कीं। इनमें से एक तमिलनाडु के योगनंदन की कहानी है। प्रधानमंत्री ने कहा योगनंदन तमिलनाडु में बीडि़यां बनाता है लेकिन उसकी बेटी पूर्णश्री ने भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक जीतकर सभी का दिल जीत लिया।
उन्होंने डेविड का जिक्र किया, जिसने गुवाहाटी में आयोजित युवा खेलों में साइकिलिंग प्रतियोगिता में 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। कार निकोबार का रहने वाला डेविड जब छोटा बच्चा था, तभी उसके माता-पिता की मृत्यु हो गई थी। उसके चाचा उसे फुटबॉलर बनाना चाहते थे, लेकिन उन्होंने उसका नाम मशहूर फुटबॉल खिलाड़ी डेविड बेकहम के नाम पर रख दिया। लेकिन युवा डेविड को साइकिल चलाने का शौक था। खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत उसका चयन किया गया और आज उसने साइकिलिंग में एक नया रिकॉर्ड बनाया।
प्रधानमंत्री ने मुंबई की करीना शन्क्ता की प्रेरणाप्रद कहानी सुनाई। करीना ने तैराकी की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रॉक प्रतियोगिता में 17 वर्ष से कम आयु वर्ग में स्वर्ण पदक जीता और एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया। एक ऐसा भी समय था जब 10वीं कक्षा की छात्रा करीना को घुटने में चोट लगने के कारण प्रशिक्षण छोड़ना पड़ा था, लेकिन करीना और उसकी मां ने हार नहीं मानी और उसके साहस का परिणाम आज हम सभी के सामने है।
प्रधानमंत्री ने कहा हम सभी जानते हैं कि राष्ट्रीय खेल एक ऐसा स्थान है, जहां खिलाडि़यों को अन्य राज्यों की संस्कृति से रू-ब-रू होने के अलावा अपना शौक प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। अत: हमने खेलो इंडिया युवा खेलों की तर्ज पर हर वर्ष खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी खेल आयोजित करने का फैसला किया है।
अगले महीने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी खेलों का पहला संस्करण ओडिशा में कटक और भुवनेश्वर में 22 फरवरी से 1 मार्च 2020 तक आयोजित किया जाएगा। 3000 से अधिक खिलाडि़यों को इन खेलों में भाग लेने के योग्य ठहराया गया है।
फिट इंडिया
प्रधानमंत्री ने सकारात्मक नतीजे लाने के लिए फिट इंडिया स्कूल अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि 65,000 से अधिक स्कूलों ने ऑनलाइन पंजीकरण के जरिए फिट इंडिया स्कूल प्रमाण पत्र हासिल कर लिए हैं। उन्होंने देश के शेष स्कूलों से आग्रह किया कि वे शारीरिक गतिविधियों और खेलों को शिक्षा के साथ जोड़ें और सुनिश्चित करें कि वे फिट स्कूल बन जाएं।