Newsportal

नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने किया पदभार ग्रहण

0 21

नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने किया पदभार ग्रहण
17/02/2020
भोपाल (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश भर से आए हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी, प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में पदभार ग्रहण किया। इसके पूर्व वीडी शर्मा ने ग्वालियर में अपने माता पिता का आशीर्वाद लिया। तत्पश्चात पदभार के लिए भोपाल रवाना हुए।
श्री शर्मा ने सोमवार को प्रातः ग्वालियर में अपने माता पिता का आशीर्वाद लिया और शताब्दी एक्सप्रेस से भोपाल रवाना हुए। यात्रा मार्ग में रेलवे स्टेशन पर बडी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाते हुए जोश से लबरेज होकर नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत किया। भोपाल प्रदेश कार्यालय में प्रातः से ही स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं का आना शुरू हो चुका था। दोपहर हबीबगंज स्टेशन पर हजारों कार्यकर्ताओं ने विष्णुदत्त शर्मा का स्वागत कर अगवानी की। यहां से प्रदेश अध्यक्ष पार्टी नेताओं के साथ रैली के रूप में प्रदेश कार्यालय के लिए रवाना हुए।
-महापुरूषों के प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
हबीबगंज से रैली प्रदेश कार्यालय के समीप स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी प्रतिमा स्थल पर पहुंची। यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराजसिंह चौहान ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। तत्पश्चात नेताद्वय ने डॉ. श्यामप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां से रैली के रूप में प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ बोर्ड आफिस चौराहा पहुंचकर श्री विष्णुदत्त शर्मा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां से रैली के रूप में प्रदेश अध्यक्ष 6 एवं 7 नंबर होते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। रैली मार्ग में कार्यकर्ताओं ने जगह जगह मंच बनाकर प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर निवृत्तमान प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद प्रभात झा, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर, थावरचन्द्र गेहलोत, फग्गनसिंह कुलस्ते, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, सासंद डॉ. सत्यनारायण जटिया, वरिष्ठ नेता कप्तानसिंह सोलंकी, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, विधानसभा में मुख्य सचेतक डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा का स्वागत किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.