नई दिल्ली (ईएमएस)। चीन में फैले घातक कोरोना वायरस के विरुद्ध लड़ाई में अब विश्व बैंक भी सहायता के लिए सामने आ गया है। इसने जरूरतमंद देशों के लिए 12 अरब डॉलर के आर्थिक पैकेज की घोषणा की है। विश्व बैंक के प्रेसीडेंट डेविड मालपास ने कहा, ‘इसका लक्ष्य तेज व प्रभावी ऐक्शन उपलब्ध कराना है ताकि देशों की जरूरतें पूरी हो सकें।’ उन्होंने कहा कि गरीब देशों के ऊपर कोरोना के कारण पड़ने वाले अतिरिक्त भार को समझना महत्वपूर्ण है जिनके पास कोविड-19 वायरस से निपटने के लिए जरूरी उपकरण नहीं हैं। फंड का कुछ हिस्सा गरीब देशों को दिया जाएगा। वहीं, फंड का इस्तेमाल मेडिकल उपकरण या हेल्थ सर्विस में किया जाएगा। बैंक ने बयान जारी कर बताया कि जरूरतमंद देशों को नीतिगत सुझाव भी दिए जाएंगे। दिसंबर के आखिर में चीन के वुहान शहर में जब कोरोना का पहला केस सामने आया था तो लोगों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह इतना जानलेवा हो सकता है। इसने अब तक 70 देशों को अपनी चपेट में ले लिया है। दुनियाभर में 3,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी और 90 हजार से अधिक संक्रमित हैं। उधर, विश्व बैंक प्रमुख ने कहा कि 12 अरब डॉलर के पैकेज में से 8 अरब डॉलर उन देशों को भेजा जाएगा जिन्होंने मदद की अपील की थी। विश्व बैंक से दुनियाभर के कई देशों ने मदद के लिए संपर्क किया है, लेकिन अब तक यह जानकारी नहीं मिल पाई है इनमें से सबसे पहले मदद किसे मिलेगी।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.